स्वर्गीय मुस्ताक अहमद प्रीमियर फुटबॉल लीग का फाइनल आज

नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब मंडला और नर्मदा वैली मोहगांव के बीच होगा खिताबी मुकाबला

रेवाँचल टाईम्स – मंडला मंगलवार को स्वर्गीय मुस्ताक अहमद प्रीमियर फुटबॉल लीग का खिताबी मुकाबला नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब मंडला और नर्मदा वैली, मोहगांव के बीच खेला जायेगा।सोमवार को स्थानीय महात्मा गांधी स्टेडियम में स्वर्गीय मुस्ताक अहमद प्रीमियर फुटबॉल लीग के दोनों सेमीफइनल मैच खेले गए। पहला मैच नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब और खैरी स्टार के बीच खेला गया जबकि दूसरा सेमीफइनल मैच नर्मदा वैली मोहगांव व झंडा टोला के बीच खेला गया। पहले मैच में नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब ने खैरी स्टार को एक के मुकाबले 3 गोल से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया। नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब की तरफ से प्रथम चोसके ने दो व अमित ने एक गोल किया। खैरी स्टार की तरफ से हिमांशु ही गोल करने में कामयाब हो सकें।

दूसरे सेमीफाइनल मैच में नर्मदा वैली मोहगांव ने झंडा टोला को एक के मुकाबले दो गोल से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई। नर्मदा वैली की तरफ से नागेश्वर व रोहित ने एक गोल किया। झंडा टोला की तरफ से एक मात्र गोल अखिलेश ने किया। सेमीफाइनल मैच के दौरान जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष डॉ. दिलीप शर्मा, जिला वक्फ कमेटी के अध्यक्ष व पार्षद हाजी मोहम्मद गनी खान, मतीन खान, हाजी मोहम्मद जावेद खान, समीर बाजपाई, राजेंद्र सिंगौर पंचू, पंकज उसराठे, बिलाल अहमद, मुजबी हसन, प्रथम चौकसे सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे।

प्रतियोगिता का फाइनल मंगलवार की दोपहर 3 बजे नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब मंडला और नर्मदा वैली, मोहगांव के बीच खेला जायेगा। प्रतियोगिता का समापन समारोह पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री व मंडला लोक सभा क्षेत्र के सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के मुख्य आतिथ्य, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा की अध्यक्षता व नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न होगा। प्रतियोगिता के आयोजक बिलाल अहमद ने सभी खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में महात्मा गांधी स्टेडियम पहुंचकर खिलाडियों का उत्साहवर्धन करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.