डॉ. रश्मि नेमा को ‘सुप्रजा उत्कृष्टता पुरस्कार’ से नवाज़ा गया

रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर छिंदवाड़ा की आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी, डॉ. रश्मि नेमा को ‘सुप्रजा उत्कृष्टता पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें रोटरी अध्यक्ष विनोद तिवारी और जिला आयुष अधिकारी डॉ. प्रमिला यावतकर के हाथों प्रदान किया गया।
डॉ. नेमा को यह पुरस्कार ‘सुप्रजा’ अभियान में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया। उन्होंने मात्र एक महीने में 63 दंपत्तियों को इस योजना का लाभ दिलवाकर अभियान को एक नई दिशा और गति दी है। उनके प्रयासों ने इस अभियान को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाई है।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष विनोद तिवारी ने डॉ. रश्मि के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि, उनके इस कार्य ने समाज के लिए एक प्रेरणा का काम किया है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि रोटरी क्लब छिंदवाड़ा, डॉ. नेमा के साथ मिलकर नि:संतान दंपत्तियों के लिए जागरूकता और नि:शुल्क सेवा अभियान चलाएगा।
इस सम्मान को पाकर डॉ. नेमा ने इसका श्रेय अपने परिवार और सहयोगियों को देते हुए कहा कि, आयुर्वेद केवल एक चिकित्सा पद्धति नहीं है, बल्कि जनसेवा का एक माध्यम है। उन्होंने कहा कि अगर आयुर्वेद को राष्ट्रीय अभियानों के साथ जोड़ा जाए तो यह देश को निःसंतानता जैसी गंभीर समस्या से मुक्ति दिला सकता है।
डॉ. रश्मि नेमा का यह सम्मान न केवल छिंदवाड़ा के लिए, बल्कि पूरे आयुर्वेद समुदाय के लिए गर्व का विषय है। यह सम्मान इस बात का भी प्रमाण है कि आयुर्वेद आज भी लोगों के स्वास्थ्य और कल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।