ममता पर कुल्हाड़ी: बेटे ने ही मां पर किया जानलेवा हमला, हालत नाज़ुक

घुघरी के लाटो ग्राम में कलयुगी बेटे ने मां के गर्दन पर मारी कुल्हाड़ी,

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

रेवांचल टाइम्स – मंडला जिले के विकास खंड घुघरी में पारिवारिक विवाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक कलयुगी बेटे ने अपनी 60 वर्षीय मां के गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। इस हमले में मां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना आज 27 अक्टूबर की रात्रि लगभग 8 बजे लाटो के मुकद्दम टोला में हुई।
जानकारी के अनुसार, मुकद्दम टोला निवासी भागवती (पति किरनू यादव, उम्र 60 वर्ष) अपने घर पर थीं, तभी उनके बेटे कत्तू लाल यादव (उम्र 38 वर्ष) के साथ किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने टैस में आकर घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और अपनी मां के गर्दन पर वार कर दिया।
हमले के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गंभीर रूप से घायल भागवती को तुरंत स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
इस जघन्य वारदात की सूचना मिलते ही घुघरी थाना प्रभारी पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुँची और मामले की जाँच शुरू कर दी है। आरोपी बेटा कत्तू लाल यादव इस घटना के बाद फरार था जिसे पुलिस द्वारा घेराबंदी कर पकड़ा गया फिलहाल आरोपी पुलिस गिरफ्त में है, इस बारे में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
वही इस घटना से पूरे मुकद्दम टोला और लाटो क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पारिवारिक विवाद के असली कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.