विद्यार्थी परिषद का प्रतिभा सम्मान समारोह सम्पन्न
विद्यार्थियों में राष्ट्र भक्ति का जागरण कर रही है विद्यार्थी परिषद शिवकुमार वर्मा

पुरस्कार प्राप्त कर प्रसन्न हुए विद्यार्थी,सभी प्रतिभागियों को दिया गया सांत्वना पुरस्कार
रेवाँचल टाईम्स – मंडला, जिले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा 22 नवम्बर को भगवान बिरसा मुंडा जी की 150 वीं जन्म जयंती के पावन अवसर पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता में मंडला जिले के 2524 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उक्त प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान हेतु सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंडला में प्रतिभा सम्मान समारोह संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ सरस्वती माता, स्वामी विवेकानन्द के छायाचित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन कर विधिवत रूप से किया गया।
प्रतियोगिता के परिणाम एवं पुरस्कार वितरण
प्रथम स्थान शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मंडला के छात्र श्रेयांश बर्मन पिता कमलेश बर्मन ने प्राप्त किया उन्हें एबीव्हीपी द्वारा स्मार्ट मोबाइल प्रथम पुरस्कार स्वरूप प्रदान किया गया। वहीं द्वितीय स्थान शासकीय हाई स्कूल मक्के नैनपुर विद्यालय की छात्रा प्रभा साहू पिता महेंद्र साहू को प्राप्त हुआ उन्हें एबीव्हीपी द्वारा साइकिल द्वितीय पुरस्कार के रूप में दिया गया। वहीं तृतीय स्थान कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय निवास की छात्रा खुशबू बैरागी पिता प्रीतम बैरागी ने प्राप्त किया उन्हें एबीव्हीपी द्वारा स्मार्ट वॉच तृतीय पुरस्कार के रूप में प्रदान किया गया।
सांत्वना पुरस्कार में चतुर्थ स्थान संतोषी चक्रवर्ती पिता भाई लाल चक्रवर्ती वही पंचम स्थान अंशु साहू पिता नर्मदा साहू शासकीय हाई स्कूल मक्के नैनपुर को मिला
भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया
मुख्य अतिथि के रूप में पधारे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास को सशक्त बनाती हैं और उनके व्यक्तित्व में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है व साइबर अपराधों पर भी चर्चा करते हुए बताया कि हमें इन सभी अपराधों से बचना है और समाज में जाकर इन सभी अपराधों से बचने के लिए जागरूकता भी करना है। वहीं मुख्य वक्ता अभाविप मंडला विभाग संगठन मंत्री रामाधार सिंह बैस ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल,जंगल, जमीन की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। अल्प आयु में ही उन्होंने ब्रिटिश शासन की दमनकारी नीति को चुनौती दी और समाज को जागृत करने का कार्य किया। कोई भी विद्यार्थी सामान्य नहीं होता सभी प्रतिभा के धनी है। विद्यार्थी परिषद के कार्यक्रम विद्यार्थी के कौशल को जानने में सहायता करते है। अपने सपनों को आकार देना, अपनी क्षमताओं को पहचानना और भविष्य की नींव को मजबूत करना ही विद्यार्थी जीवन का मूल उद्देश्य होना चाहिए।
राष्ट्रवादी छात्र संगठन है एवीव्हीपी
अभाविप प्रांत कार्यसमिति सदस्य वागीश पटेल ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा राष्ट्रवादी छात्र संगठन है, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु वर्षभर विविध कार्यक्रम संचालित करता है तथा विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर सक्रिय रहता है।
2524 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया
कार्यक्रम की प्रस्तावना देते हुए विभाग संयोजक प्रवीण ठाकुर ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि जिला भर के 8 इकाई के 8 केंद्र में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। जिसमें लगभग 2524 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के शिव कुमार वर्मा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के एवं मुख्य वक्ता रामाधार सिंह बैस विभाग संगठन मंत्री एबीव्हीपी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करना, विद्यार्थियों में राष्ट्र प्रथम की भावना को प्रबल बनाना तथा देश के महापुरुषों के जीवन मूल्यों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था।