आपदा में अवसर तलाश रही है कांग्रेस: शेषराव यादव

भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव का कांग्रेस के प्रदर्शन पर तीखा पलटवार

विज्ञान के प्रयोग को तमाशा बनाकर कांग्रेस ने अपनी अज्ञानता उजागर की

राहुल गांधी के बचकाने मार्गदर्शन में चल रही कांग्रेस

रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जितेन्द्र अलबेला

कांग्रेस द्वारा नाली में पाइप डालकर चूल्हा जलाने के प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कड़ा और तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह प्रदर्शन न केवल हास्यास्पद है, बल्कि यह उनके नेतृत्व के बौद्धिक दिवालियापन को भी उजागर करता है।

यादव ने कहा कि कांग्रेस ने इस प्रदर्शन के माध्यम से एक बार फिर साबित कर दिया है कि पार्टी में बुद्धिमान और दूरदर्शी नेतृत्व को दरकिनार कर दिया गया है और पूरा संगठन अब राहुल गांधी के बचकाने मार्गदर्शन में काम कर रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि संभवतः कांग्रेस के जो अनुभवी और समझदार नेता बचे भी हैं, उन्होंने भी यह सोचकर चुप्पी साध ली है कि जब पार्टी में मूर्खतापूर्ण गतिविधियाँ ही प्रमुख हों, तो वहां बुद्धि और विवेक की बात करना व्यर्थ है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिस विषय को कांग्रेस मजाक बना रही है, वह वास्तव में वैज्ञानिक प्रयोग और नवाचार का उदाहरण है। उन्होंने गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र में हुए “रामू चायवाला” के उदाहरण का उल्लेख करते हुए बताया कि इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों की मदद से नाले से निकलने वाली मीथेन गैस को एकत्रित कर चाय बनाई गई, जो देशभर में चर्चा का विषय बनी।

उन्होंने कहा कि यह प्रयोग उस समय देशभर के प्रमुख समाचार पत्रों में प्रकाशित हुआ था, जैसे

दैनिक भास्कर (गाजियाबाद संस्करण, 12 अगस्त 2018)
हेडलाइन: “गटर गैस से चाय बनाकर फेमस हुआ चायवाला, देखने उमड़ी भीड़”

नवभारत टाइम्स (दिल्ली-एनसीआर संस्करण, 13 अगस्त 2018)
हेडलाइन: “नाले की गैस से बनी चाय, लोगों की बढ़ी दिलचस्पी”

पंजाब केसरी (दिल्ली संस्करण, 14 अगस्त 2018)
हेडलाइन: “कचरे से ऊर्जा का अनोखा प्रयोग: चायवाले ने किया कमाल”

द टाइम्स ऑफ इंडिया (नई दिल्ली संस्करण, 15 अगस्त 2018)

इसके साथ ही आज तक, ज़ी न्यूज़ और एबीपी न्यूज़ जैसे प्रमुख चैनलों ने भी इस नवाचार को अपने कार्यक्रमों में प्रमुखता से दिखाया, जिससे यह विषय राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया।

उन्होंने आगे कहा कि आज वैश्विक परिदृश्य में, विशेषकर युद्ध जैसी आपात स्थितियों में, कई देशों का विपक्ष सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा होता है और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखता है। लेकिन दुर्भाग्य से हमारे देश में विपक्ष सत्ता लोलुपता के वशीभूत होकर जनता को बरगलाने और सत्ता हथियाने के प्रयासों में लगा हुआ है।

यादव ने कहा कि जब देश के युवा वैज्ञानिक सोच के साथ कचरे से ऊर्जा बनाने के नए तरीके खोज रहे हैं, तब कांग्रेस उसी विषय को राजनीतिक तमाशा बनाकर अपनी हताशा और नकारात्मक सोच को उजागर कर रही है।

अंत में उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में वेस्ट-टू-एनर्जी, बायोफ्यूल और वैकल्पिक ऊर्जा के क्षेत्र में लगातार नए प्रयोग हो रहे हैं। भाजपा सरकार नवाचार और विज्ञान को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि कांग्रेस केवल भ्रम फैलाने और विकास के प्रयासों का मजाक उड़ाने में लगी हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.