जिला परियोजना समन्वयक श्री इड़पाचे व अन्य अधिकारियों ने किया विकासखंड तामिया के जनशिक्षा केन्द्र बम्हनी की प्राथमिक व माध्यमिक शाला का आकस्मिक निरीक्षण
कक्षा 4 एवं 5 के छात्रों ने फर्राटेदार 16 एवं 17 के पहाड़े सुनाये
शिक्षण कार्य बेहतर पाये जाने पर जिला परियोजना समन्वयक द्वारा प्रसन्न्ता व्यक्त की गई
छिन्दवाड़ा/ कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह के निर्देशन में आज जिला परियोजना समन्वयक जे.के.इड़पाचे, सहायक जिला परियोजना समन्वयक संकेत जैन एवं भानू गुमास्ता के द्वारा जिले के विकासखंड तामिया के अंतर्गत जनशिक्षा केन्द्र बम्हनी की प्राथमिक शाला, बम्हनी माध्यमिक शाला, सीताडोंगरी माध्यमिक शाला, कपूरनाला प्राथमिक शाला व घोडीपुरा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शाला बम्हनी में कक्षा 4 एवं 5 के छात्रों से गणित के अंतर्गत प्रश्न पूछने पर उत्तर सही प्राप्त हुये तथा छात्रों ने 16 एवं 17 के पहाडे़ धारा प्रवाह सुनाये ।
इस शाला में अतिथि शिक्षक द्वारा अध्यापन कार्य कराया जा रहा है, जिसमें छात्रों का अकादमिक स्तर संतोषप्रद पाया गया। कक्षा पहली में प्रत्येक विद्यालय में दर्ज संख्या अधिक होने से प्रसन्नता व्यक्त की गई। बम्हनी जनशिक्षा केन्द्र के जनशिक्षक एवं जन शिक्षा केन्द्र प्रभारी द्वारा शिक्षकों की कमी के बाद भी अतिथि शिक्षकों के साथ बेहतर अकादमिक गुणवत्ता बनाये रखने से जिला परियोजना समन्वयक द्वारा प्रसन्न्ता व्यक्त की गई। निरीक्षण के बाद दोपहर 3 बजे से जनशिक्षा केन्द्र स्तरीय शैक्षिक संवाद में भाग लिया जाकर अवलोकन किया गया एवं सभी शिक्षकों को और अधिक शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने एवं शिक्षक संदर्शिका का उपयोग करने के लिये मार्गदर्शन दिया गया।