बड़ी राजनीतिक हलचल पीपला नारायणवार नगरपरिषद उपाध्यक्ष आरती लामसे ने थामा BJP का दामन, कांग्रेस को बड़ा झटका

रेवांचल टाइम्स सौसर पांढुर्णा जिले के पीपला नारायणवार नगर की राजनीति में आज एक बड़ा भूचाल आ गया, जब नगरपरिषद उपाध्यक्ष श्रीमती आरती प्रवीण लामसे ने अपने पति प्रवीण लामसे के साथ कांग्रेस पार्टी छोड़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) में प्रवेश कर लिया। इसे कांग्रेस के लिए एक बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा है।
कमल की राह पर ‘विकास’ की उड़ान
पूर्व राज्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नाना भाऊ मोहोड ने श्रीमती आरती प्रवीण लामसे और उनके पति को भाजपा का गमछा पहनाकर पार्टी में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। यह कदम ऐसे समय में आया है जब स्थानीय निकाय चुनावों की सरगर्मियां तेज होने की संभावना है।
कांग्रेस डूबता हुआ जहाज है
जिला अध्यक्ष पांढुरना संदीप मोहोड
इस अवसर पर बोलते हुए, भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “कांग्रेस डूबता हुआ जहाज है, कांग्रेस की ना ही कोई नीति बची है और ना ही कोई नेता।”
उन्होंने आगे जोड़ा कि “जमीनी स्तर पर कार्य करने वाला हर व्यक्ति विकास और सुशासन के लिए भाजपा की रीति नीति से प्रभावित होकर हमारे साथ आने को तैयार हैं। मोहोड ने स्पष्ट किया कि शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार, सामाजिक क्षेत्रों में कार्य करने वाले सच्चे, ईमानदार और मेहनती व्यक्तियों को भाजपा लगातार अपने साथ जोड़ती रहेगी।
ये दिग्गज रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण अवसर पर जगदीश त्रिवेदी, राजेश चेडगे (नेता प्रतिपक्ष, नगरपरिषद पीपला), रमेश ढोक, नितेश दंदी, विनोद चौधरी, मोहन चौधरी, रामराव मदनकर, सुमित भोगाडे सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस दल-बदल को पीपला नारायणवार की स्थानीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ के रूप में देखा जा रहा है, जो आने वाले समय में राजनीतिक समीकरणों को बदल सकता है।