मंडला से भी पीएमश्री वायु सेवा होगी प्रारम्भ- मुख्यमंत्री डॉ. यादव

13

बम्हनी को तहसील का दर्जा दिया जाएगा, 6 करोड़ की लागत से विकसित होगी ग्वारा हवाई पट्टी

 

केबिनेट मंत्री श्रीमती उइके ने जिले की बहनों की ओर से सीएम को बांधी राखी पहनाया साफा

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव लाड़ली बहनों के आभार सह उपहार कार्यक्रम में हुए शामिल

 

मंडला 11 अगस्त 2024

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंडला के बम्हनी में रक्षाबंधन सह श्रावण उत्सव कार्यक्रम में कहा कि इंद्रदेव के आशीर्वाद के बीच बम्हनी की बहनों का स्नेह प्यार अद्भुत है। यहां का कोई भी घर खाली नहीं रहा, हर घर से राखी बंधकर आयी है। यह बहनों का प्यार बड़ा ही स्मरणीय हो गया है। 10 अगस्त को बहनों के खातों में लगभग पौने दो करोड़ की राशि प्रदान की गई है। बात सिर्फ रुपये पैसों की नही है,बल्कि बहनों की सुविधाओं की है। बहनें योजना से मिली इस राशि से राखी के अलावा कपड़े नारियल, मिठाई और कई सामग्री खरीदती है। परिवार में जब भी रुपये आते है बहनें रुपयों का सदैव सदुपयोग करना जानती है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है। श्रावण मास त्यौहारों की श्रृंखला का पर्व है। पहले वे सिर्फ एक विधानसभा की बहनों के साथ राखी पर्व मनाते रहे हैं लेकिन अब से पूरे प्रदेश उनका ही परिवार हो गया है।

 

घरों पर फहराएं तिरंगे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के लिए होगी श्रद्धांजलि

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश रानी दुर्गावती का 500वाँ जन्मदिन मना रहा है। मंडला की धरती पर ऐसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हुए हैं जिन्होंने हमेशा इस भूमि की रक्षा की है। यहां की भूमि पर रानी दुर्गावती व अवंती बाई ने मुगलों, पठानों और सुल्तानों से लड़ालियाँ लड़ी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बम्हनी बंजर के इस कार्यक्रम में शंकरशाह व रघुनाथशाह जैसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश में अभी हर घर तिरंगा अभियान चल रहा है। इस अभियान में अपने अपने घरों पर तिरंगा जरूर फहराए। जो चन्द्रशेखर आज़ाद, भगत सिंह, मंगल पांडे, शंकरशाह, रघुनाथ शाह, रानी दुर्गावती सहित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को आपकी और से श्रृद्धांजलि होगी।

 

मुख्यमंत्री ने 11 हजार राखियों का संग्रह स्वीकार किया

 

मुख्यमंत्री डॉ.यादव को राखी बांधने के लिए मंडला जिले की बहनों ने 11 हजार राखियां संग्रहित की। जिन्हें मंच से कार्यक्रम स्थल के छोर तक रेशम की एक डोर से बांधा गया था। इस डोर में बहनों की 11 हजार राखियां बांधी गई थी, जिसे मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंच से अपनी ओर खींचा। साथ ही बहनों ने मुख्यमंत्री को आभार देने के लिए 1.11 लाख आभार पत्र लिखे, जिनका संग्रह मुख्यमंत्री डॉ. यादव को एनआरएलएम की दीदियों के माध्यम से सौंपा गया।

 

ग्वारा की हवाई पट्टी होगी विकसित

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बम्हनी के कार्यक्रम से मंडला जिले के लिए महत्वपूर्ण घोषणा की है। उन्होंने ग्वारा में हवाई पट्टी विकसित करने के लिए 6 करोड़ रुपये प्रदान करने की घोषणा करते हुए कहा कि मंडला से शीघ्र ही पीएमश्री वायुसेवा प्रारंभ की जाएगी। साथ ही बम्हनी के महाविद्यालय में पीजी कोर्सेस प्रारंभ किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बम्हनी को उप तहसील से तहसील का दर्जा देने के लिए मंच से घोषणा की।

 

धान के साथ अब दुग्ध उत्पादक कृषकों को दी जायेगी बोनस राशि

 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि गेहूं की तरह अब धान की बोनस भी दी जाएगी। साथ ही दुग्ध उत्पादक किसानों को भी बोनस राशि दी जायेगी। मंडला तेजी से विकास कर रहा है, मंडला के ग्वारा हवाईपट्टी को 6 करोड़ रूपए पहले ही दी जा चुकी है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को लाड़ली बहनों ने राखी बांधी और 11 हजार राखियों का संग्रह भेंट की। साथ ही 1.11 लाख आभार पत्र सौंपे।

 

आरोही, सुनिता और गौरा बाई को किया लाभान्वित

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लाड़ली लक्ष्मी योजना से आरोही जोगी, एनआरएलएम की लखपति दीदी सुनिता चौहान और मुद्रा योजना से गोरा बाई को लाभान्वित किया। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तनुश्री पाठक को अनुकंपा नियुक्ति पत्र भी प्रदान किया।

 

केबिनेट मंत्री श्रीमती उइके ने मंच पर मंडला की महिलाओं का प्रतिनिधित्व करते हुए बांधी राखी

 

रक्षाबंधन व श्रावण उत्सव के कार्यक्रम के स्वागत संबोधन में प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की केबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि मंडला जिले के हृदय स्थल पर रक्षाबंधन का यह आयोजन गौरवान्वित कर रहा है। संबोधन के दौरान मंत्री श्रीमती उइके ने बम्हनी कॉलेज में पीजी कोर्स प्रारंभ करने और वायु सेवा प्रारंभ करने की मांग रखी थी जिसे मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा पूरी करने की घोषणा कार्यक्रम के दौरान की गई। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, भाजपा अध्यक्ष श्री भीष्म द्विवेदी, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, नगर परिषद बम्हनी बंजर अध्यक्ष श्रीमती मीना हरदहा, जिला भाजपा मीडिया प्रभारी श्री सुधीर कसार, पूर्व विधायक श्री देवसिंह सैयाम, कमिश्नर श्री अभय वर्मा, आईजी श्री संजय कुमार, कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा सहित विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

instagram 1
Leave A Reply

Your email address will not be published.