मुख्यालय में यातायात अव्यवस्था: अवैध रूप से खड़े सवारी वाहन बने जाम की वजह
दैनिक रेवांचल टाइम्स, मंडला। जनपद पंचायत नारायणगंज मुख्यालय में यातायात अव्यवस्था गंभीर समस्या बन चुकी है। अवैध रूप से खड़े सवारी वाहन सड़क पर बेहतरीन यातायात संचालन में बाधा बन रहे हैं। वाहन मालिकों की मनमानी के चलते जहां-तहां वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
प्रशासनिक उदासीनता बनी समस्या की जड़
यातायात नियंत्रण के लिए जिम्मेदार पुलिस और पंचायत प्रशासन की निष्क्रियता ने इस समस्या को और विकराल बना दिया है। प्रशासनिक अनदेखी के कारण स्थिति इतनी बिगड़ चुकी है कि आम नागरिकों के साथ-साथ आवश्यक सेवाओं के वाहन भी प्रभावित हो रहे हैं।
एम्बुलेंस तक फंस रही जाम में
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई बार इमरजेंसी सेवा वाहन, विशेषकर एम्बुलेंस, जाम में फंस जाती हैं, जिससे मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना मुश्किल हो जाता है।
जनता की मांग – हो सख्त कार्रवाई
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। सवारी वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग व्यवस्था लागू की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। यदि प्रशासन समय रहते नहीं जागा तो यह समस्या और विकराल रूप धारण कर सकती है।
