पिपरिया पंचायत में रपटा निर्माण पर भ्रष्टाचार के आरोप, ग्रामीणों ने जांच की उठाई मांग

दैनिक रेवांचल टाइम्स सिवनी – जनपद पंचायत बरघाट अंतर्गत ग्राम पंचायत पिपरिया में तालाब पर निर्मित रपटा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ने के आरोप लग रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत भवन के सामने तालाब में लाखों रुपये की लागत से बनाए गए रपटा निर्माण कार्य में भारी अनियमितताएं बरती गई हैं तथा घटिया सामग्री का उपयोग कर गुणवत्ता से समझौता किया गया है।

ग्रामीणों के अनुसार निर्माण कार्य एजेंसी एवं ठेकेदार द्वारा कार्य में गंभीर लापरवाही बरती गई है। निर्माण स्थल पर आज तक सूचना पटल नहीं लगाया गया है, जिससे ग्रामीणों को निर्माण लागत, स्वीकृति, एजेंसी एवं कार्य अवधि जैसी आवश्यक जानकारी प्राप्त नहीं हो पा रही है। इससे ग्रामीणों में निर्माण कार्य की पारदर्शिता को लेकर संदेह गहराता जा रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में निम्नस्तरीय सामग्री का उपयोग कर राशि का बंदरबांट किया गया है, जिसके चलते नव निर्मित रपटा आगामी बरसात में क्षतिग्रस्त होने की आशंका है।

ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बाद भी संबंधित अधिकारियों द्वारा अब तक मामले की जांच नहीं कराई गई है।

ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पंचायत स्तर पर हो रहे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.