विकासखण्ड नारायणगंज में भव्यता से मनाया गया अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव

भगवान श्रीकृष्ण को ही मुख्य अतिथि और अध्यक्ष बनाकर हुआ अनोखा आयोजन

रेवांचल टाइम्स नारायणगंज मंडला मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार  विकासखण्ड नारायणगंज में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव श्रद्धा, उल्लास और आध्यात्मिक गरिमा के साथ मनाया गया। इस विशिष्ट कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि आयोजन समिति ने भगवान श्रीकृष्ण को ही मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष मानकर महोत्सव की शुरुआत की। मुख्य मंच को श्रीकृष्ण की आकर्षक मूर्ति, रंग-बिरंगी तस्वीरों और गीता श्लोकों से भव्य रूप में सजाया गया, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक वातावरण से भर उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की वंदना और पूजन-अर्चन से किया गया। मंच पर आशाराम भारतीया जनपद अध्यक्ष, भूपेंद्र वरकड़े जिला सदस्य, अविनाश शर्मा जनपद उपाध्यक्ष, गुलाब परस्ते जनपद सदस्य, किशन तेकाम मंडल अध्यक्ष, सिद्धार्थ तिवारी तहसील प्रभारी परशुराम कल्याण बोर्ड, समाजसेवी मृदु साहू, राजुल ज्योतिषी सहित जनपद पंचायत के अधिकारी कर्मचारी, बीआरसी, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।कार्यक्रम में अतिथियों ने गीता जयंती के महत्व और गीता के उपदेशों को विद्यार्थियों और शिक्षकों के जीवन में उपयोगी बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों का मुख्य धर्म अध्ययन है और उन्हें परिणाम की चिंता किए बिना निष्ठा से अध्ययन करना चाहिए। वहीं शिक्षकों को सभी बच्चों के प्रति समभाव रखने की प्रेरणा दी गई। मंच पर विराजमान श्रीकृष्ण की मूर्ति का शंखनाद के साथ विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया।सांदीपनि विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा श्रीकृष्ण वेशभूषा में मनोहारी नृत्य प्रस्तुत किए गए। छात्र-छात्राओं ने प्रश्न मंच में भाग लिया और मौके पर ही श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को उपदेश के दृश्य चित्रित कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। कथा वाचकों द्वारा गीता के 15वें अध्याय का सामूहिक पाठ कराया गया।कार्यक्रम का संचालन बीएसी राजीव वर्मा ने किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भगवद् गीता की पुस्तक भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आभार संदीपनी विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अर्चना नेमा ने व्यक्त किया। समापन पर सभी को प्रसाद वितरण किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.