नारायणगंज में घटिया सड़क निर्माण से खुला नाला बना जानलेवा

क्या किसी अनहोनी का किया जा रहा इंतजार

रेवांचल टाइम्स नारायणगंज मंडला नारायणगंज बस स्टैंड से विकास खंड शिक्षा कार्यालय तक लगभग दो वर्ष पूर्व लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा सड़क का निर्माण कराया गया था। लेकिन निर्माण के कुछ ही समय बाद सड़क से लगे नाले की स्लैब क्षतिग्रस्त हो गई और गुणवत्ताहीन निर्माण की पोल खोल रही है जो अब पूरी तरह टूटकर खुली अवस्था में है। यह स्थिति न केवल विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है, बल्कि आम नागरिकों और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन चुकी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार नाले की स्लैब घटिया सामग्री और लापरवाहीपूर्ण निर्माण के कारण क्षतिग्रस्त हुई है। वर्तमान में नाले का गड्ढा खुला पड़ा है, जिसमें केवल लोहे की सरिया दिखाई दे रही है। हल्की सी चूक किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। खासकर रात के समय या बारिश के दौरान यहां से गुजरने वाले राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थान बेहद खतरनाक है।चिंताजनक बात यह है कि इसी मार्ग पर तहसील कार्यालय, जनपद पंचायत, विकास खंड शिक्षा कार्यालय सहित अन्य शासकीय कार्यालय स्थित हैं। प्रतिदिन अधिकारियों और कर्मचारियों का इस सड़क से आना-जाना होता है, इसके बावजूद अब तक न तो पीडब्ल्यूडी और न ही संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों ने इस ओर कोई ठोस कदम उठाया है।अब तक नाले की स्लैब की मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुधार कार्य नहीं हुआ तो किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।नगरवासियों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि तत्काल मौके का निरीक्षण कर नाले की क्षतिग्रस्त स्लैब को दुरुस्त कराया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदार पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।

Leave A Reply

Your email address will not be published.