भारत केपूर्व हॉकी कप्तान डॉ. दिलीप तिर्की सांसद कप के समापन समारोह में होंगे शामिल 

5

*23 फरवरी को महात्मा गांधी स्टेडियम में होगा संसद कप क्रिकेट खेल महोत्सव का भव्य समापन*

रेवांचल टाइम्स मंडला भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान, राज्यसभा के पूर्व सांसद, अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित तथा पद्मश्री से अलंकृत डॉ दिलीप तिर्की  23 फरवरी को मंडला के  नगर के महात्मा गांधी स्टेडियम में आयोजित खेल महोत्सव सांसद कप 2026 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कुलस्ते वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित संसदीय एवं अंतरराज्यीय लेदर बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता (सीजन 3) का यह भव्य समापन समारोह खेल प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

कुलस्ते वेलफेयर फाउंडेशन के संस्थापक एवं निदेशक वेद प्रकाश कुलस्ते ने बताया कि सांसद कप खेल महोत्सव का आयोजन खेलो इंडिया के संकल्प को साकार करने की भावना से किया गया है। यह आयोजन उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को बड़ा मंच प्रदान करता है, जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर नई पहचान बना सकते हैं।

समारोह में मंडला सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, खेल संगठनों के पदाधिकारी, खिलाड़ी एवं पत्रकार विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

कुलस्ते वेलफेयर फाउंडेशन ने जिले की खेल हस्तियों, खिलाड़ियों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.