मतदाता सूची पुनरीक्षण और आगामी कार्यक्रमों पर हुई विस्तार से चर्चा, भाजपा जिला कार्यालय मंडला में विशेष बैठक संपन्न
रेवाँचल टाईम्स – मंडला, भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर एक महत्वपूर्ण एवं संगठनात्मक दृष्टि से अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने की। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर)की प्रगति की समीक्षा करते हुए पार्टी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही आगामी युवा सम्मेलन, महिला सम्मेलन, लघु उद्योग एवं व्यापारी सम्मेलन जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक एवं भव्य रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए गए। जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास का आंदोलन है। पार्टी के हर कार्यक्रम में हमारी भागीदारी जनता के बीच सेवा, संगठन और समर्पण की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रत्येक सम्मेलन में कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता का विश्वास झलकना चाहिए, जिससे यह आयोजन पार्टी की संगठनात्मक शक्ति और जनसमर्थन का प्रतीक बने। बैठक में आगामी ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम, जो मंडला सांसद के नेतृत्व में आयोजित होगा, तथा भगवान बिरसा मुंडा जी की जन्मजयंती पर होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी विस्तार पूर्वक चर्चा एवं समीक्षा की गई। इस अवसर पर मंडला ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अनीता तिवारी और नगर मंडल अध्यक्ष रानू राजपूत ने अपने-अपने मंडलों में चल रही तैयारियों की जानकारी दी और आगामी आयोजनों की रूपरेखा प्रस्तुत की। बैठक में मंडला ग्रामीण मंडल महामंत्री रानू ठाकुर ने सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।