बजाग कबीर भवन में सर्वपंथीय होली मिलन समारोह संपन्न

दैनिक रेवांचल टाईम्स – बजाग रंगों के पर्व होली के अवसर पर बजाग स्थित कबीर आश्रम (कबीर भवन) में शुक्रवार को कबीर पंथी समाज द्वारा भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न पंथों और समाज के लोगों ने एकत्र होकर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।
दोपहर लगभग 12 बजे से ही भक्तों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। कार्यक्रम की शुरुआत सर्वप्रथम साहेब जी की आरती से की गई। इसके बाद ढोलक, टिमकी और मंजीरे की ताल पर भक्तों ने फाग गीत गाकर वातावरण को भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना दिया।
समारोह के दौरान पूरे समय उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर गले मिलते हुए होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उपस्थित बुजुर्गों ने कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने समाज में सद्भाव बनाए रखने और सभी को मिल-जुलकर त्योहार मनाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। समारोह में महंत, दवान, बुजुर्ग, युवा, बच्चे तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.