अजब एमपी की गजब पुलिस: आरोपी के साथ पुलिस कर्मियों ने मिलकर धक्का लगाया सरकारी वाहन को
विदिशा। मध्यप्रदेश पुलिस की कार्यशैली को लेकर आए दिन सवाल उठते रहते हैं, लेकिन इस बार विदिशा में जो नजारा देखने को मिला, उसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर नई बहस छेड़ दी है। विदिशा सिटी कोतवाली थाने के परिसर में एक पुलिस वाहन को धक्का लगाने का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिसकर्मियों के साथ एक आरोपी भी गाड़ी को धक्का लगाता नजर आ रहा है।
यह घटना तब चर्चा में आई जब सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी अपनी थाने की सरकारी गाड़ी को धक्का लगाकर स्टार्ट करने की कोशिश कर रहे हैं। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति, जो कथित रूप से किसी मामले में आरोपी है, भी पुलिसकर्मियों के साथ गाड़ी धक्का लगाते दिख रहा है।
बड़ा सवाल: अगर आरोपी मौके से भाग जाता तो?
यह घटना कई सवाल खड़े कर रही है। सबसे अहम यह कि अगर यही स्थिति किसी आपातकालीन परिस्थिति में होती, तो पुलिस अपराधियों पर कैसे नियंत्रण रखती? अगर यह वाहन शहर के किसी व्यस्त इलाके में अचानक बंद हो जाता, तो क्या स्थिति बनती? और सबसे महत्वपूर्ण सवाल—अगर धक्का लगाने के दौरान आरोपी मौके से फरार हो जाता, तो क्या पुलिस को अपनी ही लापरवाही का खामियाजा नहीं भुगतना पड़ता?
तकनीकी लापरवाही या व्यवस्थागत समस्या?
यह मामला पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली और संसाधनों की स्थिति पर भी गंभीर सवाल उठाता है। क्या थानों में रखे जाने वाले वाहनों का मेंटेनेंस सही से नहीं हो रहा? अगर ऐसा है, तो पुलिस को किस संसाधन के भरोसे अपराध नियंत्रण सौंपा जा रहा है?
फिलहाल, इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस विभाग की किरकिरी हो रही है और आमजन इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। अब देखना होगा कि इस लापरवाही पर पुलिस प्रशासन क्या कदम उठाता है, या फिर यह भी अन्य मामलों की तरह नजरअंदाज कर दिया जाएगा।
