खाई में गिरी यात्रियों से भरी ट्रैवलर: ट्राला से बचने में हादसा, 4 की हालत गंभीर

जबलपुर/मंडला। मंडला से जबलपुर जा रही यात्रियों से भरी एक ट्रैवलर दोपहर के समय टिकरिया के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन नीचे एक पेड़ से टकराकर रुक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस दुर्घटना में सवार 12 यात्रियों में से 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

ट्राला से बचने में हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैवलर मलाजखंड से सवारियों को लेकर जबलपुर के लिए रवाना हुई थी। वाहन मंडला होते हुए नारायणगंज-टिकरिया मार्ग पर पहुंचा ही था कि सामने से आ रहे ट्राला चालक ने अचानक वाहन विपरीत दिशा में मोड़ दिया। ट्राला से बचने के प्रयास में ट्रैवलर चालक संतुलन खो बैठा और वाहन खाई में गिर गया।

चीख-पुकार के बीच बचाव कार्य
हादसे के बाद ट्रैवलर में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने सभी यात्रियों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी।

अस्पताल में भर्ती, 4 की हालत गंभीर
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

इनको आई गंभीर चोटें
दुर्घटना में घायल यात्रियों में मलाजखंड निवासी अनिल सोनी (67 वर्ष), दिव्या वेदा (43 वर्ष), यूनुस जिलानी (49 वर्ष) और साजिया जिलानी (44 वर्ष) शामिल हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.