महिलाएं अपनी सेवाओं से राष्ट्र व समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है – मंत्री श्रीमती संपतिया उइके
महिलाओं के विकास व उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की गई हैं – सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते
रानी दुर्गावती महाविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ’शौर्यवंदन’ का कार्यक्रम संपन्न हुआ
मंडला 9 मार्च 2025
प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महिलाओं को सशक्त सबल और आत्मनिर्भर बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। जिससे महिलाएं आर्थिक, शैक्षणिक, सामाजिक, खेलकूद, उद्योग, व्यापार और प्रशासनिक क्षेत्र की ओर अग्रसर हुई हैं। उन्होंने कहा कि संपूर्ण प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जा रहा है। जिससे महिलाओं के द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें सम्मानित किया जा सके। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके रविवार को रानी दुर्गावती महाविद्यालय मंडला ऑडीटोरियम में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ’बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान अंतर्गत शौर्यवंदन कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके के आगमन पर उनका फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बालिकाओं एवं महिलाओं के द्वारा लोकनृत्य प्रस्तुत किए गए। बालिकाओं एवं महिलाओं के द्वारा प्रस्तुत लोकनृत्य ने उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया, तालियों की गड़गड़ाहट से संपूर्ण ऑडीटोरियम गूंज उठा। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रस्तुत करने वाले बालिकाओं और महिलाओं को 21 हजार रूपए, 11 हजार रूपए और 5100 रूपए राशि देकर पुरूस्कृत किया। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने इस अवसर पर कक्षा दसवी और कक्षा बारहवी में उच्चतम अंक प्राप्त करने वाले छात्राओं और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को भी सम्मानित किया। आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं को पिंक लायसेंस का भी वितरण किया गया। आयोजित कार्यक्रम में मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा और नगरपालिका मंडला अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा को पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजित कार्यक्रम के पूर्व रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया।
मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने बताया कि सरकार ने पंचायती राज एवं नगरीय निकायों में महिलाओं को आरक्षण प्रदान कर प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्रदान किया है। इससे समाज में पुरूष और महिलाओं में समानता का वातावरण बना है। उन्होंने बताया कि महिलाओं को आरक्षण प्रदान कर शासकीय सेवाओं में भी जाने का अवसर प्रदान किया गया है। इससे महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाओं के माध्यम से राष्ट्र व समाज हित में निर्णय लेने की महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि महिलाएं शासन, प्रशासन, सामाजिक, उद्योग, व्यापार, खेलकूद और विभिन्न क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ रही हैं। रानी दुर्गावती, रानी अहिल्या बाई होल्कर, झाँसी की रानी लक्ष्मी बाई, रानी अवंती बाई जैसी महिलाएं महिला सशक्तीकरण का उदाहरण हैं। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने महिलाओं को सशक्त व सबल बनाने के लिए स्व-सहायता समूहों के माध्यम से तीन करोड़ महिलाओं को जोड़ने का काम किया है। ये महिलाएं समूहों के माध्यम से जुड़कर आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। मंडला जिले में स्व-सहायता समूहों के माध्यम से जुड़ी हुई महिलाएं स्वयं का रोजगार स्थापित कर रही हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है।
मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना, मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित हैं। लाड़ली लक्ष्मी योजना के माध्यम से बेटियों को लखपति बनाया जा रहा है। जिससे बालिकाएं आर्थिक व शैक्षणिक रूप से सशक्त व सबल बनें। लाड़ली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह 1250 रूपए प्रदान किए जाते हैं। जिससे महिलाओं को जरूरत के समय रूपए-पैसों के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने इस अवसर पर बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ का भी नारा दिया। जिससे समाज में बेटा और बेटी के अंतर को कम न समझा जाए।
सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि महिलाएं राष्ट्र व समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने महिलाओं को देवी का रूप बताया। शासन द्वारा महिलाओं के विकास व उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की गई हैं। जिससे महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, उद्योग, व्यापार, खेलकूद, सामाजिक गतिविधियाँ सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि पंचायती एवं नगरीय निकायों में महिलाओं को प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्रदान किया गया है। उन्हें शासकीय सेवाओं में जाने का अवसर भी प्रदान किया जा रहा है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से महिलाओं एवं बालिकाओं को लाभान्वित किया जा रहा है। जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके। उन्होंने इसी प्रकार से शासन द्वारा महिलाओं के हित में संचालित योजनाएं और उनके लिए गए निर्णयों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
