प्लेटफार्म वर्कस को पंजीकृत करने के लिए विशेष अभियान 7 से 17 तक
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत ई-श्रम पोर्टल तथा संबल पोर्टल पर होगा पंजीयन
मंडला 9 अप्रैल 2025
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय भारत सरकार संगठित और असंगठित क्षेत्रों के साथ-साथ गिग/प्लेटफॉर्म वर्कस श्रमिकों सहित सभी श्रेणियों के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध है। इस दिशा में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी वितरण के लिए एक व्यापक राष्ट्रीय डेटाबेस ई-श्रम पोर्टल के माध्यम से तैयार किया गया है। राज्य शासन द्वारा भी गिग/प्लेटफॉर्म वर्कस की सामाजिक सुरक्षा लक्ष्यित करते हुये इस श्रेणी के श्रमिकों को संबल योजना से जोड़ा जा रहा है। भारत सरकार ने केंद्रीय बजट 2025-26 में गिग/प्लेटफार्म वर्कस को कवर करने के लिए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) के विस्तार की घोषणा की है, इसके अलावा, उन्हे ई-श्रम पर पंजीकृत किया जाएगा और पहचान पत्र प्रदान किए जाएंगे। जिला स्तर पर ई-श्रम पोर्टल तथा संबल पोर्टल पर गिग/प्लेटफार्म वर्कस को पंजीकृत करने के लिए 7 से 17 अप्रैल 2025 तक विशेष अभियान आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण से सामाजिक सुरक्षा लाभों तक उनकी पहुंच आसान होगी, साथ में उनके लिए एबी-पीएमजेएवाई योजना का क्रियान्वयन भी तेजी से किया जा सकेगा। शासन के निर्देशानुसार उक्त पंजीयन अभियान मे अथवा नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर/श्रम विभाग/स्थानीय निकायों के कार्यालय में आवश्यक दस्तावेज सहित उपस्थित होकर गिग/प्लेटफार्म वर्कस स्वयं का ई-श्रम पोर्टल व संबल पोर्टल पर पंजीयन करा सकते हैं। वे स्वयं भी ई-श्रम पोर्टल पर जाकर निःशुल्क रजिस्ट्रेशन (http://register.eshram.gov.in/#/user/platform.worker.registration) कर सकते हैं।
