रेवांचल टाईम्स – मंडला, शुक्रवार को मंडला भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। प्रेसवार्ता में मुख्य वक्ता के तौर पर जिला संगठन प्रभारी एवं जबलपुर सांसद आशीष दुबे उपस्थित हुए। उन्होंने प्रदेश सरकार के बजट सहित भाजपा सरकारों के जनहितैषी कार्यों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने बीते वर्षों से केंद्र एवं प्रदेश की सरकारों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं से आमजन के जीवन में आये परिवर्तनों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के 10 वर्षों का कार्यकाल भारत के इतिहास में स्वर्णिम कार्यकाल के तौर पर दर्ज हो गया है। 6 दशकों के बाद स्थिर सरकार और लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री मोदी को जनता ने पुनः जनादेश दिया। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष भीष्म द्विवेदी, विनोद कछवाहा और प्रफुल्ल मिश्रा उपस्थित थे।
सभी 29 सीटें जीतकर भाजपा ने रचा इतिहास
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यो और कार्यकर्ताओं की मेहनत से 2019 के मुकाबले 2024 के लोकसभा चुनाव में विभिन्न राज्यों में हमारा वोट प्रतिशत बेहतर हुआ है। मध्यप्रदेश में भाजपा ने सभी 29 सीटें जीतकर ऐसा इतिहास रचा है जिसे कभी तोड़ा नहीं जा सकता है। मध्यप्रदेश में भाजपा का वोट प्रतिशत निरंतर बढ़ रहा है। पिछले लोकसभा चुनाव में 58 प्रतिशत था जो बढ़कर 59.27 प्रतिशत हो गया है। भाजपा मध्यप्रदेश के सामूहिक नेतृत्व, कुशल रणनीति और कार्यकर्ताओं के समर्पण की वजह से विधानसभा और लोकसभा के चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित हुई है।
अगले पांच वर्ष में प्रदेश का बजट दोगुना
मध्य प्रदेश के बजट और मोहन सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए सांसद श्री दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार का प्रयास है कि अगले पांच वर्ष में प्रदेश का बजट दोगुना किया जाये। वर्तमान में प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट में बिना किसी कर लगाये पिछले वर्ष के मुकाबले 16 प्रतिशत की वृद्वि हुई है। 2003 के मुकाबले प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय बढ़कर लगभग 11 गुना हो गयी है। 2.30 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आये हैं। प्रदेश में विभिन्न एक्सप्रेस वे और विकास पथ के माध्यम से विकास को नयी गति मिली है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री सड़क योजना से प्रदेश की 1 हजार किलोमीटर सड़क का निर्माण और करीब 2 हजार सड़कों का नवीनीकरण होने जा रहा है। अगले 5 वर्षों तक सिंचाई का रकवा 1 करोड़ हेक्टेयर किये जाने का लक्ष्य है। आमजन को स्वास्थ्य सुविधा आसानी से उपलब्ध हो उसके लिए नये मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही गरीब लोगों को आपात स्थिति में उच्चस्तरीय चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए पीएमश्री एयर एम्बुलेंस सेवा प्रारंभ की गयी है।
बहरूपियों से सावधान
सांसद श्री दुबे ने कहा कांग्रेस को जब 40 सीटें मिलती हैं तो जनेऊ पहनकर पहनकर मंदिरों में जाने लग जाते हैं और जैसे ही उन्हें 99 सीट मिली तो लोकतंत्र के मंदिर में पूरे हिन्दू समाज को हिंसक बोला गया। जैसे ही इनका संख्या बल बढ़ता है तो इनके इरादे, बोली बदल जाती है। जब संख्या कम हो गई थी तब भाई बहन मंदिर जाकर सनातनी होने का प्रयास कर रहे थे। हमें इन बहरूपियों से सावधान रहना है। 1975 में आपातकाल लगा कर देश के संविधान को तार-तार करने वाले आज संविधान को लेकर सदन में आ रहे हैं।
