आज जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान की शुरूआत हुई..

40

दैनिक रेवांचल टाइम्स – शासन िर्देशानुसार पर्यावरण दिवस 5 जून 2024 से 16 जून 2024 तक समस्त जिलों में जल संरक्षण और जल पुर्नजीविकरण करने के उद्देश्य से जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान की शुरूआत हुई। उक्त कार्यक्रम के तहत जिले के सभी जनपदों में जल स्त्रोतों जैसे नदी, तालाब, कुआ, बावली व अन्य जल स्त्रोतों के संरक्षण एवं पुर्नजीवन हेतु यह अभियान चलाया जा रहा है। जिसका प्रारंभ अंर्तराष्ट्रीय पर्यावरण दिवस 5 जून को जिले के समस्त जनपद पंचायतों में हुआ। इस अभियान में वर्षा जल का अधिक से अधिक संचयन करना प्राथमिकता में रखा गया है।
कलेक्टर विकास मिश्रा के मार्गदर्शन में डिंडौरी जिले के समस्त जनपद पंचायतों में जल गंगा संवर्धन अभियान प्रारंभ हुआ। जिसमें जिले के सामाजिक संस्थाएं, जनप्रतिनिधि, शासकीय अशासकीय, एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रथम दिन बढ चढकर भाग लिया। उक्त कार्यक्रम की नोडल प्रभारी सीईओ जिला पंचायत सुश्री विमलेश सिंह हैं। तथा प्रत्येक जनपद पंचायत सीईओ सहायक नोडल के रूप में नियुक्त किए गए हैं।
सीईओ जिला पंचायत सुश्री विमलेश सिंह ने अभियान का शुभारंभ ग्राम डुंगरिया जनपद पंचायत समनापुर से किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण करना किसी एक व्यक्ति के जिम्मेदारी नहीं है अपितु समाज के रूप में हम सभी को यह दायित्व है कि पर्यावरण संरक्षण के लिए एकजुट होकर कार्य करें। मानसून के आगमन के समय वृक्षारोपण करने से वृक्ष के परिपक्व होने की संभावना होती है। इसलिए जिले के सभी निवासी इस समय पौधारोपण कर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत समस्त जनपद पंचायतों में सीईओ जनपद पंचायतों के नेतृत्व में अभियान संचालित किए जा रहे हैं। सीईओ जनपद पंचायत शहपुरा अरविंद बोरकर ने बरगांव ग्राम पंचायत में सिलगी नदी के किनारे साफ सफाई और वृक्षारोपण का कार्यक्रम किया।
सीईओ जनपद पंचायत डिंडौरी श्री निखलेश कटारे के नेतृत्व में ग्राम पंचायत कूड़ा के बल्लारपुर तालाब की साफ सफाई और गहरीकरण का कार्य किया गया।
अभियान के तहत जनपद पंचायत मेंहदवानी में ग्राम पंचायत भलवारा के ग्राम ताला में तालाब जीर्णोद्धार का कार्य किया गया। जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। तथा लीच पीट हेतु ले आउट का निर्माण किया गया। मेंहदवानी में ग्राम पंचायत पंडरी टोला में वृक्षारोपण कार्यक्रम किया गया।
समनापुर जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम पंचायत मुकुटपुर में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में तालाब के जीर्णोद्धार कार्य की शुरूआत की गई। इस दौरान जनपद पंचायत सीईओ श्री सीपी साकेत के द्वारा समनापुर की कुकर्रामठ ग्राम पंचायत में तालाब के जीर्णोद्धार का कार्य किया गया तथा ग्राम पंचायत जाताड़ोंगरी आरोग्य केन्द्र परिसर में वृक्षारोपण के कार्य किए गए।
अभियान के तहत जनपद पंचायत करंजिया के ग्राम पंचायत बुन्देला में जल स्त्रोतों के संरक्षण और पौधारोपण का कार्य किया गया। इसी क्रम में मैया अभियान के सदस्यों ने आज पुरानी डिंडौरी में तालाब के साफ सफाई का कार्य किया। इस अभियान में ग्राम पंचायत, जन अभियान परिषद, मैया अभियान दल, सरपंच, पंच व अन्य जनप्रतिनिधियों ने प्रमुख भूमिका निभाई।
जल गंगा संवर्धन अभियान का प्रारंभ पर्यावरण दिवस पर किया गया है जिसमें जिले के समस्त गणमान्य नागरिकों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। यह अभियान 16 जून 2024 तक आयोजित किया जाना है जिसमें जिले के समस्त नागरिकों की जनभागीदारी अपेक्षित है जिससे हम एक बेहतर पर्यावरण का निर्माण कर सकें।

instagram 1
Leave A Reply

Your email address will not be published.